अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत

दुर्घटना की जानकारी के बाद घर परिवार में कोहराम
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। बांके बिहारी के दर्शन करने मथुरा वृंदावन जा रहे युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौत हो गयी। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार शमशाबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला चौखंडा निवासी देवेश पाठक उम्र 30 वर्ष पुत्र कुंवर पाल पाठक बीते दिवस की रात्रि 9 बजे के करीब बाइक द्वारा फर्रुखाबाद जा रहा था। कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर नवाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम परमनगर के पास किसी अज्ञात वाहन के चालक द्वारा लापरवाही से चलाकर बाइक में टक्कर मार दी गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बताया गया है दुर्घटना के बाद काफी देर तक बाइक सवार मौके पर पड़ा रहा। राहगीरों के माध्यम से ग्रामीणों को जानकारी हुई, तो मौके पर तमाम लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। भीड़ में कुछ लोगों ने डायल 108 नंबर पर कॉल कर एंबुलेंस को आने की सूचना दी। बताते हैं एंबुलेंस चालक बाइक सवार को सीएचसी बरौन लेकर पहुंचा। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सुबह के वक्त जब परिवार के लोगों को जानकारी हुई, तो कोहराम मच गया। परिजन सीएचसी पहुंचे और शव घर ले आये। मृतक दो भाई था। छोटा भाई ऋषभ के अलावा पिता कुंवर गोपाल पाठक जो पूर्व में विदेश मंत्रालय में रहे, मां पुष्पा पाठक का भी भी बेटे के शव पर रो-रोकर बुरा हाल हो रहा था। मृतक के पिता ने बताया बेटा हर वर्ष की तरह इस बार भी बांके बिहारी महाराज के दर्शन करने मथुरा वृंदावन जा रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *