कंटेनर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, एक घायल

पुलिस ने कंटेनर को लिया कब्जे में, चालक फरार
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। कंटेनर की टक्कर से बाइक सवार दो लोग गंभीर रुप से घायल हो गये। जिन्हें एंबुलेंस की मदद से सीएचसी भिजवाया गया। जहां चिकित्सक ने एक को मृत घोषित कर दिया। वहीं एक घायल को लोहिया रेफर कर दिया। जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
शमशाबाद थाना क्षेत्र के गांव कुइयां धीर निवासी रजत गंगवार उर्फ मोनू की कस्बा फैजबाग में इलेक्ट्रानिक की दुकान है। रविवार को वह अपने दोस्त अजीत गंगवार के साथ बाइक से नवाबगंज जा रहा था। जैसे ही वह गांव सोना जानकीपुर के पास पहुंचा, तभी नवाबगंज की ओर से आ रहे कंटेनर चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे मौके पर ही रजत गंगवार की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी अजीत उर्फ सीटू गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई और सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर दरोगा संतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गये और घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी भिजवाया। जहां डॉक्टर ने रजत गंगवार को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसके साथी अजीत उर्फ सीटू को लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। मृतक की पत्नी आकांक्षा व चार वर्षीय पुत्री प्रीत, पिता राजेन्द्र सिंह गंगवार, मां स्नेहलता, भाई अमन व दीपक आदि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने कंटेनर को अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान चालक मौका पाकर फरार हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *