ट्रैक्टर की चपेट में आकर घायल हुए बाइक सवार की मौत

नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। एंबुलेंस की टक्कर से बाइक सवार ट्रैक्टर के पहिये के नीचे आकर गम्भीर रुप से घायल हुए बाइक सवार की उपचार के दौरान मौत हो गयी।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम वीरपुर निवासी शिवराम ठाकुर दोपहर बाद लगभग 3 बजे किसी काम से बाइक से नवाबगंज जा रहे थे। जैसे ही शिवराम गांव वीरपुर से निकले और ब्रह्मदेव के पास पहुंचे, वैसे ही पीछे से आ रही तेज रफ्तार निजी एम्बुलेंस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी थी। टक्कर लगने से शिवराम बाइक समेत बगल में चल रहे ट्रैक्टर के पहिए के नीचे घुस गए थे। जिस कारण ट्रैक्टर का पहिया शिवराम के ऊपर चढ़ गया था। पहिया चढऩे से शिवराम गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मौके पर खेतों में काम कर रहे लोगों ने ट्रैक्टर व एम्बुलेंस को पकड़ लिया था, लेकिन मौका देकर दोनों वाहनों के चालक घटनास्थल से फरार हो गए थे। हालांकि ग्रामीणों ने भागकर उनका पीछा भी किया था, लेकिन पकड़ में नहीं आ सके थे। पुलिस ने घायल शिवराम को सीएचसी नवाबगंज भेजा था। जहां से उन्हें लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया था। लोहिया के चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर सैफई के लिए रेफर कर दिया था। जहां इलाज के दौरान रात्रि करीब १ बजे उनकी मौत हो गयी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *