उन्नाव, समृद्धि न्यूज। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर देर शाम तेज रफ्तार डंपर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल सवार चाचा-भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मुर्तजा नगर नहर के पास हुआ, जब तीनों युवक काम से घर लौट रहे थे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार दही थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवनगर निवासी रिंकू (28) वर्ष और नीरज (27) वर्ष दोनों एक साथ काम पर आते-जाते थे। कुछ समय पहले ही रिंकू झांसी से लौटा था, जहां वह देशी बियर बेचने का काम करता था। इसके साथ ही तीनों मिलकर गांव के बाहर पेड़ों पर बने मधुमक्खी के छत्तों से शहद निकालने का काम भी करते थे, जिससे उन्हें अतिरिक्त आय होती थी। हादसे में तीसरा साथी चंदन (30) गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही थाना दही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उपचार के दौरान रिंकू और नीरज को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल चंदन को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। रिंकू और नीरज की मौत के बाद दोनों परिवारों पर गहरा संकट छा गया है। मृतक नीरज दो बेटों और एक बेटी का पिता था, जबकि रिंकू के परिवार में एक छोटा बेटा है। दोनों परिवार आर्थिक रूप से कमजोर बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद पुलिस ने अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हाईवे के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जिससे घटना में शामिल वाहन की पहचान कर चालक को गिरफ्तार किया जा सके।
