अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार मध्यप्रदेश निवासी किसान की मौत

मृतक हलिया क्षेत्र के खोदाईपुर गांव में बहन के घर आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित होने के बाद बाइक से वापस घर जा रहे थे, रास्ते में हुए हादसे का शिकार

हलिया (मिर्ज़ापुर ): ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के मिर्ज़ापुर रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग 135 स्थित बरम बाबा मोड़ से दो सौ मीटर आगे लहुरियादह गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार किसान की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच कर मृतक किसान के जेब में मिले आधार कार्ड से शव की शिनाख्त की। पुलिस ने घटना की सूचना मध्यप्रदेश पुलिस व परिजनों को दी। मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले के सलैया गांव निवासी 55 वर्षीय सुरेश कुमार पांडेय हलिया क्षेत्र के खोदाईपुर गांव निवासी अपने बहनोई चंद्रिका प्रसाद मिश्र के यहां श्रीमद्भागवत कथा के भंडारा व व्रतबंध कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए शुक्रवार दोपहर में बाइक से आए हुए थे। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद बाइक से घर जा रहे थे शाम चार बजे के करीब जैसे ही नेशनल हाईवे स्थित लहुरियादह गांव के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। बाइक से नीचे गिरने से किसान का सिर अज्ञात वाहन के पहिए से कुचलने के कारण घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। वहीं हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन लेकर भाग निकला। सूचना पर पहुंचे एसआइ सुभाष यादव, एसआइ रामविशाल हेड कांस्टेबल घनश्याम यादव ने घटना की जांच करते हुए मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी।साले की मौत की खबर पाकर ड्रमंडगंज थाने पर पहुंचे मृतक के बहनोई चंद्रिका प्रसाद मिश्र ने बताया कि सुरेश कुमार पांडेय घर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बाइक से आए थे। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद घर वापस जा रहे थे कि रास्ते में सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। मृतक खेती-बाड़ी कर परिवार का गुजर बसर करते थे। मृतक को तीन पुत्र हैं जिनमें दो अविवाहित हैं। थानाध्यक्ष ड्रमंडगंज भारत सुमन ने बताया कि मध्यप्रदेश के मऊगंज जिला निवासी बाइक चालक सुरेश कुमार पांडेय की नेशनल हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।घटना की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *