बहन की शादी के बाद परिजन ट्रैक्टर से व स्वयं बहन के साथ बाइक से जा रहा था मृतक
अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। रोडवेज बस की टक्कर से हाईवे पर भाई-बहन की दर्दनाक मौत हो गयी। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार हरदोई जिले के थाना सांडी क्षेत्र के गांव बंडारी निवासी शारदा देवी (32) और उनका भाई अवध सिंह (20) पांचाल घाट गंगा स्नान के लिए निकले थे। परिवार के अन्य लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली व अन्य गाडिय़ों से चल चुके थे। जबकि यह दोनों बाइक से आ रहे थे। इसी दौरान गांव गांधी के पास गर्मी से राहत पाने के लिए अवध सिंह ने बाइक रोकी और पानी पीने लगा। जैसे ही वह बाइक स्टार्ट कर आगे बढऩे को हुआ, उसी समय फर्रुखाबाद की ओर से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उन्हें पीछे से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सडक़ पर गिरकर लहूलुहान हो गए। घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों को डॉ0 राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने शारदा देवी को मृत घोषित कर दियाए जबकि अवध सिंह को गंभीर हालत में भर्ती किया गया, लेकिन कुछ ही घंटों में उसने भी दम तोड़ दिया।
शादी के मंडप से पहले उठीं दो अर्थियां
अवध सिंह हाल ही में देहरादून से बहन की शादी में शामिल होने आया था। उसकी छोटी बहन की शादी 10 मई को हुई थी। जिसमें शामिल होने के लिए वह 3 मई को घर आया था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंज़ूर था। शादी के मंडप से पहले ही भाई की अर्थी उठ गई। एक ही परिवार में दो अर्थियाँ पहुंचीं तो पूरा गांव गम में डूब गया।
मां की गोद छूटी, मासूम आंखें अब तक तलाश रहीं हैं उसे
शारदा देवी के दो बेटे मनीष 12 और नवीन 7 अपनी मां का इंतज़ार कर रहे थे, लेकिन मां अब कभी लौटने वाली नहीं। दोनों मासूमों की चीखें सुन हर किसी की आंख नम हो गई। लोगों का कहना था कि शारदा देवी बहुत ही मेहनती और पारिवारिक महिला थी। गंगा पहनावन का आयोजन अधूरा रह गया। सुनील ने कहा जैसे सब कुछ लुट गया हो। जीजा सुनील को गंगा पहनावन करना था। वे धार्मिक भावना के तहत यह आयोजन कर रहे थे, लेकिन अब वह कार्यक्रम अधूरा रह गया। सुनील ने कहा भाई-बहन की मौत के बाद अब कोई पूजा, कोई संस्कार अधूरा नहीं बल्कि असंभव लग रहा है। घर में जैसे सब कुछ उजड़ गया हो।
पुलिस ने शवों का कराया पोस्टमार्टम, बस चालक की तलाश जारी
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है। उनका कहना है कि इस हाईवे पर अक्सर तेज रफ्तार वाहनों की वजह से जानलेवा दुर्घटनाएं होती रहती हैं।