गुस्साये ग्रामीणों ने लगाया जाम, पुलिस छात्र को अपनी जीप में लेकर पहुंची सीएचसी
हालत गंभीर होने पर लोहिया रेफर, जहां चिकित्सकों ने घोषित किया मृत
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। ट्रैक्टर बैक करते समय बाइक सवार छात्र उसकी चपेट में आ गया। जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया। घटना से गुस्साये ग्रामीणों ने मौके पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ग्रामीणों को समझा बुझाकर घायल छात्र को लेकर सीएचसी नवाबगंज पहुंची। जहां से हालत गंभीर होने पर उसे लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को सुबह ९ बजे के करीब महबूब अली का पुत्र कामिल उम्र १८ वर्ष जो कि एसकेएम पब्लिक स्कूल में कक्षा 11 का छात्र था, अपने साथी इजहार आलम पुत्र इरशाद के साथ स्कूल जा रहा था, तभी रास्ते में बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान पर एक ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर को बैक कर रहा था, तभी छात्र कामिल ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। जिससे वह वह उसका साथी इजहार गंभीर रुप से घायल हो गये। घटना से गुस्साये ग्रामीणों ने मौके पर जाम लगा दिया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और अपनी सरकारी गाड़ी से दोनों छात्रों को लेकर सीएचसी नवाबगंज पहुंची। जहां कामिल की हालत गंभीर देख लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। लोहिया अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने कामिल को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर मोहमम्दाबाद थानाध्यक्ष विनोद कुमार शुक्ला और सीओ अजय वर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया है। घटना के बाद से मृतक की मां खुशनुमा बेगम व भाई माहिद व बहनों इल्फा और उमराह का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक का पिता महबूब अली मुंबई में ड्राइवरी का काम करते हैं।
ट्रैक्टर बैक करते समय चपेट में आये बाइक सवार छात्र की मौत, साथी घायल
