ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार किशोर की मौत, साथी घायल

कम्पिल/कायमगंज, समृद्धि न्यूज। गंगा पहनावन कर वापस लौट रहे युवक की बाइक में ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। जिससे किशोर की मौत हो गई, जबकि साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। स्वजन शव लेकर चले गए।
क्षेत्र के गांव सूरजपुर चमरौआ निवासी सुखवीर यादव का 17 वर्षीय पुत्र आदित्य गांव भागीपुर उमराह निवासी राकेश यादव के 18 वर्षीय पुत्र अतुल के साथ बाइक से अटैनाघाट ग्रामीणों के साथ गंगा पहनावन चढ़ाने गया था। लौटते समय इकलहरा गांव के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आदित्य ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गया और टायर उसके ऊपर से निकल गया। वहीं अतुल दूर जा गिरा। जिससे वह भी लहूलुहान हो गया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर भागने की कोशिश करने लगा लेकिन मौके पर जुटे ग्रामीणों ने उसे घेरकर पकड़ लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। एंबुलेंस की मदद से दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने आदित्य को मृत घोषित कर दिया। घायल अतुल की नाजुक हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद लोहिया अस्पताल ऱेफर कर दिया गया है। आदित्य की मौत की खबर मिलते ही स्वजन बिलखने लगे। मां उर्वशी, छोटा भाई आर्यन और बहन मानवी अपने लाडले को खोने के गम में बेसुध हो गए। स्वजनों ने बताया आदित्य हाईस्कूल का छात्र था। स्वजन आदित्य को दूसरी जगह दिखाने की बात कह शव लेकर चले गए। थाना प्रभारी नितिन कुमार ने बताया तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *