उन्नाव, समृद्धि न्यूज। फतेहपुर चौरासी-बांगरमऊ मार्ग पर हफीजाबाद चौराहे के पास एक तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे गंभीर हालत में नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार दही थाना क्षेत्र के ग्राम ओरहर निवासी सोनू ( 35 वर्ष) पुत्र राम कुमार जो बाइक से किसी कार्य के लिए चौराहे पर जा रहा था। तभी तेज रफ्तार बस ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। जिससे
गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे सीएचसी फतेहपुर चौरासी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सोनू को मृत घोषित कर दिया। अचानक हुए हादसे से परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
राहगीरों के अनुसार, बस की रफ्तार काफी तेज थी और टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल मौके पर ही क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही और तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
फतेहपुर चौरासी पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर परीक्षण के लिए पोस्टमॉर्टम हाउस भेज दिया है।
थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, इसके बावजूद तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण सड़क हादसों में वृद्धि हो रही है। उन्होंने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच जारी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
