
कायमगंज, समृद्धि न्यूज। अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से बाइक सवार युवक की मौत हो गयी, जबकि साथी गम्भीर रुप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार मेरापुर थाना क्षेत्र के ग्राम अचरा खलवारा निवासी सचिन कठेरिया उम्र 20 वर्षीय पुत्र रामबहादुर फतेहगढ़ मिलेट्री कैन्टीन में हेल्पर का काम करता था। बुधवार को सचिन अपने चाचा शैलेन्द्र के साथ बाइक द्वारा चाचा की ससुराल जा रहा था। ग्राम लुधइया कोतवाली कायमगंज पॉवर हाउस के निकट पहुंचते ही अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से दोनों बाइक सवार युवक गम्भीर रूप से घायल हो गये। आसपास के लोगों की मदद से दोनों घायलों को 108 एम्बुलेन्स द्वारा कायमगंज नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लेकर आये। जहाँ डियूटी पर तैनात चिकित्सक डा0 अमरेश कुमार ने भतीजे सचिन कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं चाचा शैलेन्द्र कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद हालत गम्भीर होने पर लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। मौत की सूचना पाते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश पाल, कस्बा चौकी इन्चार्ज विद्या सागर तिवारी ने पहुंचकर जॉच पड़ताल कर शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
