बाइक के हेंडिल में झोला टांगकर व्यापारी करने लगा बात
सीओ व थानाध्यक्ष ने मौके पर पहुंचकर की जांच पड़ताल
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। गल्ला आढ़ती की बाइक पर टंगा नोटों से भरा झोला बाइकर्स लुटेरे लेकर फरार हो गये। घटना की सूचना मिलने पर सीओ व कार्यवाहक थानाध्यक्ष ने पहुंचकर जांच पड़ताल की तथा शीघ्र घटना का खुलासा करने की बात कही है। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। व्यापारी ने बताया कि झोले में १ लाख ८४ हजार की नकदी थी। व्यापारी ने घटना के संबंध में अज्ञात लुटेरों के विरुद्ध तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार कस्बा नवाबगंज निवासी राजीव गुप्ता की कस्बे में फर्रुखाबाद रोड पर गल्ले की आढ़त है। वह गुरुवार सुबह लगभग 8.00 बजे अपने पड़ोसी गल्ला विक्रेता बिलग्राम सक्सेना की दुकान पर बाइक से बातचीत करने गए थे। जब वह गाड़ी दुकान के पास खड़ी करके बिलग्राम सक्सेना से बातचीत करने लगे, इसी बीच पीछे से आए दो काली अपाचे सवार लुटेरे झोला उड़ा ले गए। थोड़ी देर बाद जब राजीव गुप्ता की नजर बाइक पर पड़ी, तो बाइक पर झोला न टंगा देखकर उनके होश उड़ गए। इधर-उधर जांच पड़ताल की, लेकिन तब तक बाइकर्स लुटेरे काफी दूर जा चुके थे। राजीव गुप्ता के भतीजे पारस गुप्ता ने आसपास की दुकानों पर सीसीटीवी में लुटेरों की गाड़ी एवं उनके फुटेज देखे। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गयी और जांच पड़ताल की। कार्यवाहक थानाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने बताया मौके पर जांच की गई। शीघ्र घटना का खुलासा किया जाएगा। क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद अरुण कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर व्यापारी से बात की और शीघ्र घटना का खुलासे करने की बात कही। आढ़ती राजीव गुप्ता ने बताया कि झोले में एक लाख ८४ हजार की नकदी थी। घटना के संबंध में व्यापारी ने अज्ञात लुटेरों के विरुद्ध तहरीर दी है।
लाखों की नकदी से भरा झोला बाइकर्स लुटेरे लेकर फरार
