मंगलवार से व्यवस्था को दुरुस्त करने का मिला आश्वासन
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने सातनपुर मण्डी पहुंचकर मण्डी सचिव का घेराव किया और कहा कि किसी कीमत पर किसानों का उत्पीडऩ नहीं होने देंगे। जोन उपाध्यक्ष प्रभाकांत मिश्र, जिलाध्यक्ष अजय कटियार के नेतृत्व में सातनपुर आलू मंडी के सचिव का घेराव हुआ। प्रभाकांत मिश्रा ने कहा कि किसानों का आलू मंडी में उत्पीडऩ हो रहा है, किसानों की बात नहीं सुनी जा रही है, उन्हें उनके आलू का सही हिसाब नहीं दिया जा रहा है, किसान दर-दर की ठोकर खा रहा है। जिलाध्यक्ष अजय कटियार ने कहा कि सातनपुर आलू मंडी में किसान की अनदेखी की जा रही है। 50 किलो के पैकेट पर 47 किलो का रुपया किसानों को दिया जा रहा है। व्यापारी एवं आढ़ती मिलकर किसान का शोषण कर रहे हैं, पिछले चार दिनों से किसानों के साथ व्यापारी एवं आढ़ती खुली बोली के नाम पर मजाक कर रहे हैं, किसान के आलू का मनचाहा भाव लगा रहे हैं, भाव लगाने के बाद ढूंढे नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को न्याय दिलाने में उनका संघर्ष लगातार जारी रहेगा। इस दौरान उपस्थित मंडी सचिव ने कहा कि मंगलवार से मंडी की व्यवस्था सही हो जाएगी। किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करने पड़ेगा। जो मांगे रखी गई हैं उनका शत-प्रतिशत पालन मंडी में कराया जाएगा। किसानों को 50 किलो के पैकेट पर 50 किलो का ही भुगतान दिलाया जाएगा एवं आलू का भाव खुली बोली लगाकर किया जाएगा। इस अवसर पर विजय सिंह शाक्य, संजय यादव, शिवराम शाक्य, विक्रांत सिंह लोधी, विमलेश शाक्य, अजीत सिंह सोमवंशी, प्रकृति कटियार सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
भाकियू ने सातनपुर आलू मंडी सचिव का किया घेराव
