समृद्धि न्यूज़। हिमाचल प्रदेश में नए साल पर धमाका हुआ है। सोलन के नालागढ़ के पुलिस स्टेशन की दीवार के पास सुबह करीब 9.15 बजे एक जोरदार धमाका हुआ। इस घटना से पुलिस स्टेशन, ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक भवन और मार्केट कमेटी के भवन की खिड़कियों के शीशे टूट गए। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल को सील कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। धमाके का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
धमाके के वक्त मौजूद एक चश्मदीद ने बताया कि वह थोड़ी दूरी पर बैठा था, तभी अचानक तेज आवाज के साथ धमाका हुआ. हालांकि, किसी तरह का बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन धमाके से पूरी इमारत कांप उठी और 16 एमएम मोटे शीशे टूटकर नीचे गिर गए. कुछ देर तक धुएं और धूल की वजह से कुछ भी साफ नजर नहीं आ रहा था.
नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा ने भी धमाके की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से इस मामले पर बातचीत हुई है. जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी.
