हाईस्कूल में 1570 तथा इंटरमीडिएट में 1202 के छोड़ी परीक्षा
एडीएम व एएसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, दिये निर्देश
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जनपद के 79 केंद्रों पर यू0पी0 बोर्ड की परीक्षाएं बुधवार को शांतिपूर्ण माहौल में शुरु हो गयीं। पहले दिन हाईस्कूल के छात्रों की सामान्य हिन्दी की परीक्षा हुई। केंद्रों पर सीटिंग प्लान देखने के बाद सुबह 7:45 बजे से परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया। प्रवेश के दौरान गेट पर उनकी सघन चेकिंग की गई। परीक्षा को लेकर छात्रों में उत्साह देखने को मिला, हालांकि कुछ परीक्षार्थियों ने पहली बार बोर्ड परीक्षा देने को लेकर थोड़ी घबराहट भी व्यक्त की। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी सभी परीक्षा केंद्रों पर मुस्तैद रहा।
जनपद में केंद्रीय कारागार सहित कुल 79 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में सम्पन्न हुई। सुबह प्रथम पाली में हाईस्कूल हिन्दी का पेपर हुआ। जिसमें पंजीकृत २४६९४ परीक्षार्थियों में से २३१२४ परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि १५७० परीक्षार्थियों ने परीक्षा से किनारा कर लिया, जबकि शाम की पाली में इंटरमीडिएट सामान्य हिन्दी की परीक्षा हुई। जिसमें पंजीकृत 21429 में से 20227 में परीक्षा दी,जबकि १२०२ परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरे जिले में 6 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। जिसकी मॉनिटरिंग डीआईओएस कार्यालय में बने कंट्रोल रूम से की जा रही है। वही केंद्रों पर सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी तैनात रहे। इसके अलाला पुलिस बल भी तैनात रहा। अपर जिलाधिकारी एवं अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा बोर्ड परीक्षा के दृष्टिगत जनपद के परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया गया तथा सम्बन्धित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
शांतिपूर्ण ढंग से जनपद के 79 केंद्रों पर बोर्ड की परीक्षाएं शुरु
