दुकान के ताले काटने को लेकर दो पक्षों में जमकर चले ईटे पत्थर

पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा, महिलाओं ने चौकी इंचार्ज पर लगाया आरोपियों के साथ होने का आरोप
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। दुकान के ताले काटकर कब्जा करने के मामले में दो पक्षों में जमकर मारपीट व पत्थराव से भगदड़ मच गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठी पटककर भीड़ को खदेड़ा। एक पक्ष ने चौकी इंचार्ज पर आरोपियों से सांठगांठ कर कब्जा कराने का आरोप लगाया।
नवाबगंज बाईपास पर दो दुकानों पर बरतल गांव निवासी रामवीर सिंह का लगभग 33 वर्षों से कब्जा है। उक्त जमीन राजस्व अभिलेखों में परशुराम निवासी दौलतपुर द्वारा स्टांप पर बिक्री की गई थी। बाद में परशुराम के पुत्र रमेश राजू और मुकेश ने अपने पिता द्वारा किए गए लिखा पड़ी के आधार पर जमीन की बिक्री रामवीर और रामबाबू को बैनामा कर दिया। उक्त जमीन को फतेहगढ़ के धन्सुआ निवासी सुभाष चंद्र पाल ने ग्राम खलवारा निवासी सुरजीत कुमार से बैनामा करा लिया और उसके बाद इसी जमीन को आकाश ठाकुर को ११ लाख रुपये में बेंच दिया। १० दिन पूर्व सुभाष की शिकायत पर रामबाबू, रामवीर व चार अन्य लोगों के खिलाफ जमीन पर कब्जा कर लेने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। शनिवार को आकाश ठाकुर अपने आधा सैकड़ा समर्थकों के साथ विवादित भूमि पर पहुंचे और दुकानों के ताले काट दिये। जब इसकी जानकारी रामबाबू व रामवीर को हुई तो एक दर्जन महिलायें घटना स्थल पर पहुंची और दुकान के ताले काटने को लेकर गाली-गलौज व विवाद शुरु हो गया। आकाश ठाकुर के समर्थकों ने महिलाओं के साथ मारपीट शुरु कर दी। इस दौरान ईंट पत्थर चलने लगे। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर लाठी पटककर भीड़ को खदेड़ा। इसके बाद रामबाबू व रामवीर के परिवार की महिलायें तहसील दिवस कायमगंज शिकायत करने के लिए पहुंची। महिलाओं का आरोप है कि कस्बा चौकी इंचार्ज नरेन्द्र कुमार ने आरोपियों से सांठगांठ कर ताले कटवाकर कब्जा करा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *