नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। जनपद कन्नौज के थाना गुरुसहायगंज के गांव सामियामऊ निवासी विवेक कुमार पुत्र राजेंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बहन संगीता देवी की शादी 7 वर्ष पूर्व थाना नवाबगंज के गांव महमदपुर कामराज निवासी अमित कुमार पुत्र राम किशोर के साथ विधिवत दान दहेज के साथ की थी। शादी के बाद उपरोक्त लोग दहेज से नाखुश रहे और अधिक दहेज की मांग को लेकर ससुर रामकिशोर, सास नामालूम, जेठ अनुराग, पति अमित कुमार एवं एक रिश्तेदार आए दिन दहेज की मांग को लेकर उसकी बहन को प्रताडि़त करते थे। 8 जनवरी को उसकी बहन के साथ आरोपियों ने मारपीट की। उसकी बहन ने फोन कर उक्त घटना बताई। उसने घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस को मामले से अवगत कराया। पुलिस ने जांच करने के बाद मामले में राजी बाजी करा दी। 24 जून को उसके रिश्तेदार द्वारा टेलीफोन पर सूचना मिली कि तुम्हारी बहन कि उक्त लोगों ने हत्या कर दी है। वह जब घटनास्थल पर पहुंचा तो वास्तव में उसकी बहन का शव जमीन पर पड़ा था। मौके पर पुलिस पहुंची ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की। इसके बाद विवेक कुमार 5 दिन तक अपनी बहन की हत्या की रिपोर्ट लिखने के लिए थाने के चक्कर काट रहा है, लेकिन पुलिस ने अभी तक उसकी रिपोर्ट नहीं लिखी।
