ट्रैक्टर में बैग उलझने से साले की मौत, मचा कोहराम

 12  किलोमीटर तक पीछा कर ट्रैक्टर चालक को पकड़ा
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। ट्रैक्टर में बैग उलझने से बाइक पर सवार साले की मौत हो गयी, जबकि जीजा घायल हो गया। घटना के बाद भाग रहे आरोपी ट्रैक्टर चालक को करीब 12 किलोमीटर की दूरी पर बाइक से दौडक़र जीजा ने पुलिस की सहायता से पकड़ लिया। पुलिस चालक से मऊदरवाजा थाने में पूछताछ कर रही है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। जनपद शाहजहांपुर के थाना अल्लागंज के गांव ततियारी निवासी रामदास वर्मा का 16 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार लगभग तीन दिन पूर्व जनपद एटा के थाना जैथरा के गांव नगला लीलाधर निवासी अपनी बहन साधना पत्नी शिवनंदन के यहां गया था। रविवार दोपहर शिवनंदन बाइक से अपने साले अंकित कुमार को छोडऩे जनपद शाहजहांपुर के थाना अल्लागंज के गांव ततियारी जा रहा था, तभी थाना क्षेत्र के गांव सिरमौरा बांगर के सामने पुलिया पर फर्रुखाबाद की ओर जा रहे लोड ट्रैक्टर को ओवरटेक करते समय बाइक पर बैठे अंकित का बैग ट्रैक्टर में उलझ गया। जिससे शिवनंदन व उसका साला अंकित सडक़ पर गिरकर गम्भीर रूप से घायल हो गए। शिवनंदन ने मौके पर मौजूद लोगों की मदद से ट्रैक्टर लेकर भाग रहे चालक का पीछा किया। शिवनंदन ने थाना मऊदरवाजा के गांव हथियापुर के पास पुलिस की मदद से ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल अंकित कुमार को सीएचसी भेजा। जहां अधीक्षक डॉ0 लोकेश शर्मा ने अंकित कुमारक को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे परिजन शव पर चीत्कार करने लगे। घटना की जानकारी पर सीएचसी पहुंचे नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल कंमार राजपूत, जिला पंचायत सदस्य यशवीर आर्य ने मृतक के परिजनों से जानकारी कर उन्हें ढांढस बंधाया। थाने के उपनिरीक्षक हेमन्त कुमार ने शव का पंचनामा भर कार्यवाही शुरू की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *