कायमगंज, समृद्धि न्यूज। बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर बौद्ध धर्म के अनुयाइयों ने कस्बे में धम्म यात्रा निकाली। यात्रा में सपा के पूर्व प्रत्याशी नबल किशोर शाक्य सहित सैकड़ों लोगों ने प्रतिभाग किया। बाद में बुद्ध की देशनाओं पर प्रकाश डाला गया।
जानकारी के अनुसार बुद्ध पूर्णिमा पर प्रशासन की ओर से धम्म यात्रा निकालने इजाजत नहीं मिली थी। बीती २४ मई को प्रशासन की ओर से धम्म यात्रा निकालने की अनुमति मिल पायी। जिस पर रविवार को धम्म यात्रा निकाली गयी। इस दौरान लोग हाथों में शांति का प्रतीक पंचशील ध्वज लेकर चल रहे थे। यात्रा नगर के अम्बेडकर मूर्ति दुर्गा टाकीज से शुरु होकर नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए मंडी समिति में समाप्त हुई। इस दौरान यात्रा में शामिल सपा के पूर्व प्रत्याशी डा0 नबल किशोर शाक्य ने कहा कि बुद्ध पूर्णिमा को आत्मशुद्धि और आध्यात्मिक जागरण का विशेष अवसर माना जाता है। बुद्ध पूर्णिमा बौद्ध धर्म के अनुयायियों के लिए अत्यंत पावन और महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व हर वर्ष वैशाख माह की शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि को मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान बुद्ध का जन्म हुआ था, जिन्हें भगवान विष्णु का नौवां अवतार भी माना जाता है। बौद्ध धर्म के अनुयायियों के लिए यह दिन ध्यान, तप, और करूणा के अभ्यास का प्रतीक है, जबकि हिंदू धर्म में इसे ईश्वर के अवतार के रूप में पूजा जाता है। इस दिन कई लोग सत्य, अहिंसा और संयम का व्रत लेकर पुण्य अर्जित करते हैं। इस मौके पर अभिशेक शाक्य, शिव कुमार शाक्य, अरुण शाक्य, अखिल शाक्य, सूर्या शाक्य सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
बौद्ध अनुयाइयों ने नगर में धूमधाम से निकाली धम्म यात्रा
