नगर पालिका बोर्ड की बैठक में सर्वसम्मति से पास हो गया 99.38 करोड़ का बजट

तीन सभासदों ने बैठक का किया बहिष्कार, बोले आगे भी जारी रहेगा मेरा विरोध
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। नगर पालिका बोर्ड की बैठक में विरोध पक्ष के सभासदों ने बजट प्रस्ताव का विरोध कर बैठक का भी बहिष्कार कर दिया, जबकि सत्ता पक्ष के सभासदों ने करोड़ों का बजट पास कर दिया। तहसील सदर के सभागार में नगर पालिका अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल एवं अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार की देखरेख में बोर्ड की बैठक 4.१0 बजे शुरू हुई। वर्ष 2024-25 के लिए 99 करोड़ 38 लाख बजट का 70 नम्बर प्रस्ताव शरद वाजपेई ने पढ़ा। प्रस्ताव में बजट के व्यय का विस्तृत विवरण न होने के कारण विरोध पक्ष के सभासद अतुल शंकर दुबे, अनिल तिवारी, विश्वनाथ राजपूत आदि ने विरोध कर खर्चे के संबंध में जानकारी मांगी, तभी सत्ता पक्ष के सभासद असलम अंसारी, रफीक अंसारी, धर्मेंद्र कन्नौजिया आदि ने प्रस्ताव को स्वीकार करने की रट लगा दी। दोनों पक्षों के बीच हंगामा होने के दौरान सभासदों को बजट के व्यय की जानकारी नहीं दी गई। इसी बात से गुस्साए सभासद एसोसिएशन के प्रदेश सचिव अतुल शंकर दुबे, विश्वनाथ राजपूत, कृष्ण मोहन उर्फ नन्हें पंडित आदि सभासदों ने बैठक का बहिष्कार कर सभागार से बाहर चले गए।
सभासद एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष अनिल तिवारी आदि बैठक में डटे रहे। उन्होंने सत्ता पक्ष के सभासदों द्वारा आनन-फानन में प्रस्ताव स्वीकार किए जाने का काफी विरोध किया और अकेले पड़ जाने के कारण शांत हो गए। पालिका अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल के पति मनोज अग्रवाल बैठक स्थल पर गए थे। उन्होंने सत्ता पक्ष के सभासदों को एक साथ बैठाया दूसरी ओर विरोध पक्ष के सभासद बैठे। बैठक शुरू होने से पूर्व श्री अग्रवाल सभागार से बाहर चले गए और अंत तक वहीं डटे रहे। मालूम हो कि बोर्ड की बैठक 9 माह बाद बुलाई गई है। सभासद विकास समिति की समितियों के गठन की काफी समय से मांग कर रहे हैं। कई मांगों को लेकर अध्यक्ष एवं ईओ विरुद्ध प्रदेश स्तर तक शिकायतें की गई। चौक बाजार में धरना भी दिया गया। वहीं भाजपा के सभासद विश्वनाथ राजपूत ने विकास कार्य के लिए आये पैसे का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दो सालों से मेरे वार्ड रेलवे रोड पर दोनों और नाला बनाकर सडक़ नहीं बनाई जा रही है। सभासद संगठन के नेता अतुल शंकर दुबे ने बजट प्रस्ताव के बहिष्कार के दौरान कहा कि 7 सेकेंड में प्रस्ताव को कैसे देखा जा सकता है। सभासदों ने कहा कि नगर पालिका की मनमानी का निरंतर विरोध किया जाएगा। अधिशाषी अधिकारी ने बताया कि ९९८२.१२ करोड़ रुपये की शासन से मांग की गयी थी। जिसमें ५३७८.०० करोड़ रुपया वेतन में व्यय होगा। शेष ४४१२.०० करोड़ रुपया विकास कार्यों में खर्च किया जायेगा। इस मौके पर अधिशाषी अधिकारी विनोद कुमार, कर निर्धारण अधिकारी जगजीवनराम, सहायक अभियंता आर.के.चतुर्वेदी, कर अधीक्षक राम नरायन समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे। बैठक का संचालन शरद बाजपेयी ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *