मार्ग दुर्घटना में सर्राफा व्यापारी के पुत्र की मौत

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। ट्रक की टक्कर से दो चचेरे भाई घायल हो गये। दोनों को लोहिया अस्पताल में भर्ती किया गया। जिसमें एक को मृत घोषित कर दिया गया। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार शहर कोतवाली के मोहल्ला तलैया निवासी सरल कुमार वर्मा उर्फ नन्हें की लाल सराय पर सर्राफा की दुकान है। उनका 18 वर्षीय पुत्र अर्पित अपने चचेरे भाई नीरज को स्टेशन छोडऩे जा रहा था। उसी दौरान थाना कादरी गेट के देवरामपुर रेलवे समपार के निकट ट्रक ने बाइक सवार दोनों भाईयों के टक्कर मार दी। दोनों को लोहिया अस्पताल लाया गया। जहाँ अर्पित को मृत घोषित कर दिया गया। मृतक ने इसी साल हाईस्कूल की परीक्षा पास की थी। मृतक दो भाईयों में दूसरे नम्बर का था। एक बहन है। माँ मंजू देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। आईटीआई चौकी प्रभारी सुरजीत कुमार ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। चालक फरार है।

बाइक से गिरकर युवती ने तोड़ा दम

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। बाइक से गिरकर युवती गंभीर रूप से घायल हो गयी। उसे उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया, लेकिन परीक्षण के उपरांत चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार थाना जहानगंज के ग्राम झसी निवासी अतर सिंह यादव की 19 वर्षीय पुत्री सुरभि अपने भाई संजू के साथ अपने पेट दर्द की दवा लेने सराय गयी थी। बाइक से वापस लौटने के दौरान अचानक सुरभि को चक्कर आने से वह सराय से कुछ दूरी पर सडक़ पर गिर गयी। उसे गंभीर हालत में सीएचसी मोहम्मदाबाद लाया गया। जहाँ सुरभि को चिकित्सक सनी मिश्रा ने मृत घोषित कर दिया। मृतका की माँ सुषमा देवी आदि का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका पांच बहनों में सबसे छोटी थी। उसके दो भाई हैं। वहीं आरोप है कि सूचना देने के डेढ़ घंटे बाद एम्बुलेंस पहुंची। मृतका सुरभि के भाई सोनू नें आरोप लगाया कि सूचना देने के लगभग डेढ़ घंटे के बाद एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। जिससे उसकी हालत गंभीर हो गयी और उसकी मौत हो गयी। परिजनों ने एम्बुलेंस कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *