पैथोलॉजी सेंटर में सेंध, लैब मशीन, कॉपर वायर और चांदी की मूर्ति चोरी

सैफई, समृद्धि न्यूज। 500 बेड के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के ठीक सामने स्थित डॉ. लाल पालीवाल पैथोलॉजी सेंटर में बुधवार रात अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर पैथोलॉजी के पीछे की जाली काटकर भीतर दाखिल हुए और वहां से लैब की सेन्‍ट्रीफ्यूज मशीन, तांबे के तार और चांदी की एक छोटी मूर्ति चोरी कर फरार हो गए।ग्राम अमरसीपुर निवासी श्रीकृष्ण दुबे पुत्र प्रयाग नारायण की यह दुकान है, जिसे उन्होंने प्रशांत कुमार को किराए पर दे रखा है। प्रशांत यहां डॉ. लाल पालीवाल पैथोलॉजी सेंटर का संचालन करते हैं। रोजाना की तरह बुधवार शाम को वह लैब बंद कर घर लौट गए थे। गुरुवार सुबह जब उन्होंने सेंटर खोला, तो भीतर का नजारा देख हैरान रह गए। सामान बिखरा पड़ा था और अंदर से कई कीमती उपकरण गायब थे। जब उन्होंने सेंटर के पीछे जाकर देखा, तो पाया कि लोहे की जाली काटी गई है, जिससे चोर भीतर दाखिल हुए थे।
सूचना मिलने पर थाने से इंस्पेक्टर क्रीम तेज सिंह मौके टीम के साथ पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने चोरों के आने-जाने के रास्तों की जांच की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि चोर लैब के तकनीकी सामान को पहचानते थे, क्योंकि उन्होंने सीधे उस मशीन को निशाना बनाया, जो जांच के लिए महत्वपूर्ण होती है। चोरों द्वारा तांबे के तार और चांदी की मूर्ति उठाकर ले जाना यह दर्शाता है कि वे कीमती धातुओं की तलाश में थे। सेंटर संचालक प्रशांत कुमार ने बताया कि चोरी से करीब 70 हजार रूपये का नुकसान हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *