कमालगंज से जा रही थी बारात
हरदोई, समृद्धि न्यूज। मंगलवार की देर रात सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र में एक बारातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर टावर से टकरा गई। जिसमें 16 बाराती घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल 4 लोगों को हरदोई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। बताया गया है कि कटरा-बिल्हौर मार्ग पर स्थित बरसोहिया गांव के पास बारातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे लगे टावर से टकरा गई।
जानकारी के मुताबिक फर्रुखाबाद के थाना कमालगंज देवरान गढिय़ा निवासी विनोद कुशवाहा के पुत्र पुष्पेन्द्र का विवाह सूरापुर में तय हुआ था, मंगलवार की रात्रि पुष्पेन्द्र की बारात जा रही थी। रात करीब नौ बजे बरसोहिया के पास अचानक चालक का नियंत्रण बस से हट गया, जिसके बाद तेज रफ्तार बस सीधे टावर से जा भिड़ी। बस में बैठे बारातियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायल होने वालों में
शिवम (27)
राज बहादुर शर्मा (62)
सुशील (21)
बबलू (30)
आनंद (16)
विमलेश (15)
पंकज (20)
रामसिंह (60)
रामलाल (60)
रामवीर (30)
केशव (17)
नीलू (30)
कृष्णानंद (65)
समेत कुल 16 लोग शामिल हैं। तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गये और सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर पहुंचाया गया। जहां हालत बिगडऩे पर चिकित्सक ने शिवम, सुशील, कृष्णानंद, राजबहादुर को मेडिकल कॉलेज हरदोई रेफर कर दिया गया। वहीं बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी।
