कनाडा ने बिश्नोई गैंग को आतंकवादी समूह किया घोषित

समृद्धि न्यूज। कनाडा ने बिश्नोई गैंग को आतंकवादी समूह घोषित किया है। यह गिरोह भारत से जुड़ा है और कनाडा में खालिस्तान समर्थकों को निशाना बनाता है। सरकार अब उनकी संपत्ति जब्त और बैंक खाते फ्रीज कर सकती है। कनाडा में अब कुल 88 आतंकवादी समूह हैं।
कनाडा सरकार ने बिश्नोई गैंग को आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया है। इसे लेकर कनाडा की तरफ से जारी आधिकारिक बयान में लिखा गया है कि, कनाडा में हिंसा और आतंक के कृत्यों के लिए कोई जगह नहीं है, खासकर उन कृत्यों के लिए जो किसी खास समुदाय को निशाना बनाकर भय और धमकी का माहौल बनाते हैं। इसीलिए जन सुरक्षा मंत्री, गैरी आनंदसांगरी ने आज घोषणा की कि कनाडा सरकार ने बिश्नोई गिरोह को आपराधिक संहिता के तहत एक आतंकवादी संगठन के रूप में सूचीबद्ध किया है। कनाडा सरकार ने अपनी प्रेस रिलीज में कहा है कि बिश्नोई गैंग एक इंटरनेशनल आपराधिक संगठन है। कनाडा सरकार का आरोप है कि ये गैंग मुख्य रूप से भारत से सक्रिय है। कनाडा में बिश्नोई गैंग उन इलाकों में सक्रिय है जहां प्रवासी समुदाय बड़ी संख्या में रहते हैं। कनाडा सरकार के मुताबिक, बिश्नोई गैंग हत्या, गोलीबारी और आगजनी के घटनाओं में शामिल है और जबरन वसूली व धमकी के माध्यम से आतंक फैलाता है। सिर्फ भारत में ही लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 700 गुर्गे सक्रिय हैं, जो डकैती से लेकर जबरन वसूली और मनी लॉन्ड्रिंग जैसी अवैध गतिविधियों में शामिल हैं, कनाडा में अब कुल 88 आतंकवादी समूह हैं, पुलिस इन समूहों की संपत्ति जब्त कर सकती है और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *