अतिक्रमण के चलते रोडवेज बस स्टैण्ड के बीच से हटायी गई कैंटीन

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। रोडवेज बस स्टैण्ड पर बीचों बीच संचालित कैंटीन से जाम की स्थिति बनी रहती थी और अतिक्रमण जैसे हालत थे। रोडवेज विभाग से विचार विमर्श के बाद नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार ने अपने कर्मचारियों के साथ दुकान को हटाया। पिछले काफी दिनों से कैंटीन को लेकर तरह-तरह का विवाद उत्पन्न हो रहा था। बसों के आवागमन के दौरान जाम लग जाता था और कई बार इसी कैंटीन पर ग्राहकों से विवाद हुआ। साथ ही विधायक निधि द्वारा सेल्फी प्वाइंट बनने के बाद दुकान की स्थिति अतिक्रमण जैसी लगने लगी। पिछले दिनों महाराणा प्रताप की मूर्ति लगाने को लेकर सर्वे भी हुआ था और जाम से निजात दिलाने के लिए पीली पट्टी का निशान लगाया गया था। पीडब्लूडी विभाग व नगर पालिका दोनों ने पहुंचकर पैमाइश की थी। रविवार को अवैध रुप से बनी दुकान को अतिक्रमण मानते हुए हटाया गया। पहले तो ठेकेदार दुकान न हटाने के लिए मनमानी करता रहा। बाद में अधिकारियों के निर्देश पर दुकान को हटाया गया और आसपास लगे पिलर को भी हटाया गया। इस मौके पर नगर पालिका के अलावा रोडवेज विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *