उन्नाव, समृद्धि न्यूज। सदर कोतवाली क्षेत्र में सड़क पर एक चलती कार में अचानक आग लग गई। कार चालक ने धुआं निकलता देख कूदकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार कार शहर से पीडी नगर की ओर जा रही थी। इसी बीच भव्य शिखा के पास पहुंचते ही वाहन के इंजन से धुआं निकलने लगा। इससे पहले कि चालक कुछ समझ पाता, कार के बोनट में आग लग गई और लपटें तेजी से फैलने लगीं। चालक ने चलती कार से कूदकर भाग निकला।
आग लगने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे । अग्निशमन यंत्र उपलब्ध न होने के कारण लोगों ने घरों और दुकानों से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास किया। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक कार का अगला हिस्सा पूरी तरह जल चुका था। इस घटना के चलते कुछ देर के लिए मार्ग पर यातायात बाधित रहा।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार को हटवाकर मार्ग को सुचारु कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और कार मालिक से जानकारी ली जा रही है।
