गुस्याये वधू पक्ष के लोगों ने सुनाईं खरी खोटी, सूचना पर पहुंची पुलिस
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। नोट लुटाये जाने व नेग वसूली के दौरान कार चालक द्वारा युवक को धक्का दिए जाने से आक्रोशित घरातियों तथा बारातियों में विवाद हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।
जानकारी के अनुसार शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम बरई निवासी अरविंद कुमार उर्फ बबलू ने अपनी पुत्री भारती का विवाह फिरोजाबाद जनपद के इमलिया गांव में तय किया था। बताते हैं विवाह तय होने के बाद बारात लाने का समय सुनिश्चित किया गया था। बीते दिवस बारात जब गांव पहुंची और शाम को सभी वैवाहिक कार्यक्रम हर्षोल्लास के वातावरण में संपन्न हुए। विदाई के दौरान दूल्हे का बहनोई ईश्वर दयाल नोटों लुटा रहा था। इस दौरान युवती का भाई अजय कुमार नेग वसूली के लिए दूल्हे की कार के नजदीक खड़ा था। बताते हैं कार चालक द्वारा दुल्हन के भाई को धक्का दे दिया गया। जिससे दुल्हन का भाई गिर गया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट की नौबत आ गयी। उधर घरातियों के गुस्से को देखकर चालक कार लेकर भागने लगा। जिससे आक्रोशित दुल्हन के पिता अरविंद कुमार उर्फ बबलू द्वारा रोकने का प्रयास किया गया। घटना की सूचना डायल 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को दी गई। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटना की जांच पड़ताल करते हुए दोनों पक्षों के लोगों को शमशाबाद थाने ले आई। बताते हैं दूल्हा पक्ष की तरफ से दुल्हन पक्ष के कुछ लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है। बता दे जहां एक और दोनों पक्षों के बीच सुलह समझौते के प्रयास हो रहे थे वहीं दूसरी ओर पुलिस भी आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई थी।
नेग वसूली के लिए खड़े दुल्हन के भाई को कार चालक ने दिया धक्का
