उन्नाव, समृद्धि न्यूज। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र मे धोबिन पुलिया के पास एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इस टक्कर की चपेट में एक साइकिल सवार घायल हो गया।
यह दुर्घटना तब हुई जब एक ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। पीछे से आ रही कार बेकाबू होकर सीधे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सड़क से गुजर रहा एक साइकिल सवार मोहल्ला कंचन नगर बी निवासी रामचंद्र राजपूत गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। कार में सवार कानपुर निवासी चालक रूपेश खन्ना और श्यामनगर निवासी सुनील श्रीवास्तव घायल हो गए हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा ।
स्थानीय लोगों ने बताया कि धोबिन पुलिया के पास अक्सर भारी वाहन सड़क किनारे खड़े रहते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से सड़क किनारे खड़े वाहनों पर कार्रवाई करने और यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग की है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़ा ट्रक हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
