सवा चार लाख के खाद्यान्न गबन में कोटेदार के खिलाफ मुकदमा

कार्डधारकों की शिकायत पर एसडीएम ने कराई थी जांच, नहीं मिला था स्टाक
शाहजहांपुर, समृद्धि न्यूज। जैतीपुर ब्लॉक में खाद्यान्न वितरण में अनियमितता और कालाबाजारी के आरोप में एक कोटेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि उसने सवा चार लाख रुपये के खाद्यान्न को बेचकर धनराशि का गबन किया है। पूर्ति निरीक्षक आलोक कुमार ने जानकारी दी कि जैतीपुर के ग्राम शंकरपुर पिटरियाई के निवासी देवेंद्र, जगदीश, कुंवर सेन सहित अन्य ग्रामीणों ने एसडीएम को शिकायत पत्र सौंपा। इसमें बताया गया कि कोटेदार उमेश कुमार मशीन पर अंगूठा लगवाने के बाद खाद्यान्न नहीं देता था। वितरण के समय प्रति राशन कार्ड केवल दो किलो खाद्यान्न दिया जाता है और उसकी दुकान अक्सर बंद रहती है। एसडीएम के निर्देश पर जब जांच की गई, तो दुकान बंद मिली। कोटेदार का मोबाइल भी स्विच आफ था। 35 शिकायतकर्ताओं ने शपथ पत्र के माध्यम से कोटेदार पर अभद्र व्यवहार और केवाईसी कार्य के लिए 50 रुपये प्रति राशन कार्ड लेने के आरोप लगाए। इस मामले में स्पष्टीकरण मांगे जाने पर राशन विक्रेता संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका। पिछले महीने पुनः जांच की गई, जिसमें विक्रेता की दुकान में स्टॉक पूरी तरह शून्य पाया वि गया। आनलाइन सप्लाई चेन मैनेजमेंट सिस्टम से स्पष्ट हुआ कि विक्रेता की दुकान में मे 72 क्विंटल 966 किलोग्राम गेहूं, 124 क्विंटल 524 किलोग्राम चावल और 63 किलोग्राम चीनी का स्टॉक होना चाहिए था। इससे स्पष्ट होता है कि राशन विक्रेता ने खाद्यान्न की कालाबाजारी कर चार लाख 30 हजार रुपये का गबन किया। जिलाधिकारी के निर्देश पर कोटेदार के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *