हलिया (मिर्ज़ापुर): ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के सेमरा कलां गांव निवासी दिनेश कुमार ने नौकरी दिलाने के नाम नौ लाख रुपए ऐंठने वाले युवक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है।दी गई तहरीर में पीड़ित ने आरोप लगाया कि दस मई वर्ष 2022 को रतेह चौराहा पर दोस्तों के साथ नौकरी को लेकर बात कर रहा था। वहां मौजूद अश्वनी कुमार निवासी महेवा, हरिहरपुर बेदौली थाना पड़री हम लोगों की बातें सुन रहा था। अश्वनी कुमार ने मुझे नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया और झांसा देकर कई बार में नगद और आनलाइन कुल नौ लाख रुपए मुझसे लिया। लेकिन नौकरी नही दिला सका। नौकरी के नाम पर लिए गए नौ लाख रूपए मांगने पर टालमटोल करने लगा और इधर उधर की बातें कर गुमराह करने लगा और रूपए देने से इंकार कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस नौकरी के नाम पर नौ लाख रुपए की ठगी करने वाले युवक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है। थानाध्यक्ष ब्रह्मदीन पांडेय ने बताया कि नौकरी का झांसा देकर युवक से नौ लाख रुपए की ठगी करने वाले सदर तहसील निवासी आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
