भतीजे की हत्या करने के मामले में पूर्व सैनिक व उसकी पत्नी पर मुकदमा दर्ज

आरोपी को घेरकर परिजनों ने पीटा, कमाण्ड हॉस्पिटल रेफर
लाइसेंसी राइफल पुलिस ने ली कब्जे में
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज।
शराब के नशे में विवाद हो जाने पर पूर्व सैनिक ने अपनी लाइसेंसी राइफल से भतीजे की गोली मार दी। जिससे उसकी मौत हो गई। इस दौरान परिजनों ने उसे पकड़ लिया और लात-घूसों, ईंट पत्थर से मारपीट कर मरणासन कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से घटना में प्रयोग की लाइसेंसी राइफल को कब्जे में ले लिया। आरोपी को उपचार के लिए आर्मी अस्पताल ले जाया गया। जहां से हालत बिगडऩे पर कमाण्ड अस्पताल लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं पुलिस ने पिता की तहरीर पर आरोपी पूर्व सैनिक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया।
जानकारी के अनुसार कोतवाली फतेहगढ़ के ग्राम धन्सुआ निवासी पूर्व सैनिक भीमसेन राजपूत उर्फ भीमा जो एक रस्टोरेंट का संचालन करता है। सोमवार की रात्रि वह शराब के नशे में था, तभी वाद-विवाद होने लगा। इस दौरान उसने अपने 30 वर्षीय भतीजे रामगोपाल राठौर को लाइसेंसी राइफल से गोली मार दी जो सीने में जा लगी। परिजन उपचार के लिए रामगोपाल को लोहिया लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। वहीं मृतक के परिजनों ने आरोपी भीमसेन को पकड़ लिया और लात-घूसों व लाठी-डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाइसेंसी राइफल को कब्जे में ले लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए आर्मी अस्पताल ले जाया गया। जहां हालत बिगडऩे पर उसे लखनऊ कमाण्ड हॉस्पिटल के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक के पिता बालकराम की तहरीर पर भीमसेन व उसकी पत्नी कृपांती देवी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरु कर दी। शव का पंचनामा भरकर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। डा0 सुमित शाक्य ने पोस्टमार्टम किया। एक बुलेट मृतक के शरीर से निकला। सूत्रों के अनुसार आरोपी पर पहले से कई मुकदमे दर्ज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *