Headlines

पति की हत्या में पत्नी, उसके प्रेमी व रिश्तेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज

कम्पिल, समृद्धि न्यूज। अवैध संबंधों की जानकारी होने पर पत्नी ने प्रेमी व एक अन्य रिश्तेदार के साथ मिलकर पति की हत्या कर शव फांसी के फंदे पर लटका दिया था। स्वजनों के आने से पहले ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया था। पीडि़त पिता की तहरीर पर महिला समेत दो के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने दी तहरीर में बताया कि वह पत्नी के साथ भट्टे पर मजदूरी करता है। छोटा पुत्र अपनी पत्नी कविता के साथ गांव में रहता था। गांव के ही ध्यानपाल के घर जनपद शाहजहांपुर के थाना कलान के गांव विक्रमपुर निवासी शैतान सिंह का आना जाना था। इसी दौरान पुत्रवधू से उसके अवैध संबंध बन गए। ११ मई की रात शैतान सिंह पुत्रवधू कविता के साथ संबंध बना रहा था। इसी दौरान बेटे ने दोनों को अवैध संबंध बनाते हुए फोटो व वीडियो बना लिए थे। इसी दौरान शैतान सिंह ने अपने रिश्तेदार ध्यानपाल के साथ मिलकर बेटे की हत्या कर शव फांसी के फंदे पर लटका दिया था। बेटे के पैर जमीन पर रखे हुए थे। घटना के दौरान ध्यानपाल की चप्पलें घर के अंदर ही छूट गईं थीं। अगले दिन सुबह ही पुत्रवधू कविता ने ध्यानपाल के साथ मिलकर बेटे के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। घर पहुंचकर बेटे का फोन देखने पर उक्त घटना की जानकारी हुई। इसी बात का पुत्र विरोध करता था। बेटे को अवैध संबंधों की जानकारी होते ही आरोपितों ने उसकी हत्या कर शव फांसी पर लटका दिया। पीडि़त ने थाने व एसपी को मामले की तहरीर दी। स्वजनों का आरोप है कि आरोपितों ने पुलिस से सांठ-गांठ कर मुकदमा दर्ज नहीं होने दिया। इसके बाद पीडि़त ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने पुत्रवधू उसके प्रेमी व रिश्तेदार के खिलाफ दो महीने बाद हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी विश्वनाथ आर्या ने बताया मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *