*कूटरचित दस्तावेज तैयार कर फर्जी लोन निकालकर 37 लाख 60 हजार के गवन का मामला
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। कूटरचित दस्तावेज तैयार कर फर्जी लोन निकालकर पैसा गवन कर लेने मामले में गाड़ी मालिकों ने सामूहिक रुप से शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। एसपी के आदेश पर आरटीओ व फाइनेंस कम्पनी के मैनेजर सहित छह लोगों के विरुद्ध पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
जानकारी के अनुसार मनोज कुमार, मुलिक पाल, अवधेश सिंह, विजय सिंह, सुरेश, सुधाकर, श्यामवीर, रमेश कुमार, चन्द्रकिशोर अवस्थी, संजीव, पंकज, शिशुपाल सिंह, शिशुपाल सिंह राजपूत, किसान यूनियन के महामंत्री व गाड़ी मालिक संजीव सिंह, चन्द्रकिशोर, मनोज कुमार सहित 17 लोगों ने पुलिस अधीक्षक को दिये शिकायती पत्र में दर्शाया कि आवास विकास स्थित श्रीराम फाइनेंस कम्पनी द्वारा 17 गाडिय़ों पर लगभग 37 लाख 60 हजार रुपया कूटरचित तरीके से दस्तावेेज तैयार कर फर्जी लोन निकाल कर पैसा गवन कर लिया गया। गाडिय़ों के कागजात सत्यम दुबे ने यह कहकर लिये कि वह 20-20 हजार रूपये में शिक्षा व स्वास्थ्य विभाग में गाडिय़ां लगवा देगा। जिसकी पूरी योजना श्रीराम फाइनेंस के फील्ड मैनेजर विपिन राठौर, कलेक्शन मैनेजर सुशील कुमार ने बनायी तथा इंडियन ओबरसीज बैंक में फर्जी खाते खोले गये, उसी में पैसों का गवन किया गया। पीडि़तों ने आरटीओ फर्रुखाबाद पर आरोप लगाते हुए कहा कि गाड़ी मालिकों को बिना जानकारी के डुप्लीकेट आरसी जारी की गयी। पुलिस ने एसपी के आदेश पर आरटीओ व कम्पनी मैनेजर सहित छह लोगों के विरुद्ध धारा 420, 467, 468, 471 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरु कर दी।
आरटीओ व श्रीराम फाइनेंस कम्पनी मैनेजर सहित छह पर मुकदमा दर्ज
