उन्नाव, समृद्धि न्यूज। जनपद के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में देर रात रंजिश को लेकर दो पक्षों में जमकर फायरिंग हुई। जिससे गगनीखेड़ा गांव में 10 वर्षीय अजीत निषाद गोली लगने से घायल हो गया। जिसे परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर आठ लोगों के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज किया। जिसमे अशोक व विनोद पुत्र हीरालाल , अशोक का भांजा, लल्लू पुत्र सत्यनारायण , अमित पुत्र रामबाबू , सुरेश निषाद पुत्र मनोहर और दो अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं।
पुलिस ने सूचना पर मुख्य आरोपी अशोक निषाद को पंचायत भवन लखापुर के पास जंगल में छिपा होने पर घेराबंदी की तो अशोक ने पुलिस पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में अशोक के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।
पुलिस ने मौके से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया। घायल आरोपी को सीएचसी शुक्लागंज में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के अनुसार अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है।
