फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। सडक़ पर टहल रहे दम्पति पर भाजपा नेता के पुत्र ने फायरिंग कर दी। पीडि़त की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है।
जानकारी के अनुसार थाना कादरीगेट के आवास विकास कालोनी निवासी संजय सिंह अपनी पत्नी अर्चना के साथ बीती रात लगभग 8.20 बजे खाना खाकर सडक़ पर टलह रहे थे। उसी दौरान आवास विकास के लकूला रोड स्थित ज्ञान फोर्ड स्कूल के निकट पहुंचे, तो एक कार तेज रफ्तार से आयी। जिसमें भाजपा नेता शरद श्रीवास्तव का पुत्र बादल श्रीवास्तव बैठा था और लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। संजय सिंह ने बताया कि जब कार चालक बादल श्रीवास्तव से गाड़ी ठीक से चलाने को कहा, तो बादल ने कार में भीतर रखी राइफल निकाल ली और संजय सिंह व उनकी पत्नी अर्चना पर जान से मारने की नियत से दो फायर किये। संजय सिंह ने मामले की सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पीडि़त संजय सिंह एक कीटनाशक दवा कम्पनी में एरिया मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। पुलिस ने संजय सिंह की तहरीर पर बादल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। फायरिंग की घटना सीसीटीवी में कैद हो गयी है। जिसमे बादल फायरिंग कर रहा है और दम्पत्ति आगे भाग रहे हैं। सीसीटीवी में शरद श्रीवास्तव बेटे के साथ जाते दिख रहे हैं और बादल राइफल से फायरिंग कर रहा है। पीछे से आ रहा उनके साथी कारतूस के खोखे उठाता दिखायी दे रहा है। पीडि़त संजय सिंह का कहना है कि एफआईआर में बादल के साथ उनके पिता शरद श्रीवास्तव का नाम पुलिस ने दर्ज नहीं किया है, जबकि वह भी मौजूद थे। मुकदमा की जाँच आवास विकास चौकी प्रभारी अनिल कुमार को दो गयी है। सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की जायेगी।
भाजपा नेता के पुत्र पर दंपति के ऊपर फायरिंग करने के मामले में मुकदमा दर्ज
