जनसभा में वोट जिहाद का दिया था नारा
फर्रुखाबाद/कायमगंज, समृद्धि न्यूज। इंडिया गठबंधन के सपा प्रत्याशी डा0 नवल किशोर शाक्य के समर्थन में बीते दिन पूर्व विदेश मंत्री व उनकी भतीजी ने जनसभा को सम्बोधित करने के दौरान वोट जिहाद का नारा दे दिया। जैसे ही यह बयान वायरल होना शुरु हुआ निर्वाचन आयोग ने इसे गंभीरता से लेते हुए कार्यवाही के आदेश दिये। जिसके तहत उडऩदस्ता मजिस्ट्रेट की तहरीर पर कायमगंज कोतवाली पुलिस ने पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद व उनकी भतीजी सपा नेत्री मारिया आलम खान के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरु कर दी।
उडऩ दस्ता मजिस्ट्रेट डा0 मनोज कुमार शर्मा ने उक्त वक्तव्य से सांप्रदायिक ध्रुवीकरण के प्रयास के आरोप में सपा नेत्री मारिया आलम व सलमान खुर्शीद के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 188 व धारा 295ए तथा लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। सोमवार को सभा में मुख्य अतिथि के तौर पर कांगे्रस के वरिष्ठ नेता व पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद बोल रहे थे। उनकी भतीजी सपा नेता मारिया आलम खां ने कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय के सामने मौजूदा हालत में वोट जिहाद जरूरी है। मारिया ने कहा कि हर महिला हर पुरुष वोट जिहाद से संविधान बचाने को वोट जिहाद की जंग को लड़ेगा। पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने बताया कि आमतौर पर हम लोग ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करने से परहेज करते है, क्योंकि इसका शाब्दिक अर्थ गलत लगा लिया जाता है। जिहाद का मतलब किसी परिस्थिति से संघर्ष करने के लिए होता है। यही उनका मंतव्य रहा होगा कि संविधान की रक्षा के लिए वोट जिहाद किया जाए।
पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद व उनकी भतीजी सपा नेत्री मारिया आलम के विरुद्ध मुकदमा दर्ज
