कायमगंज, समृद्धि न्यूज। फीस की रसीद मांगने पर छात्रा को प्रधानाचार्य ने थप्पड़ मार दिया। छात्रा के पिता ने घटना के संबंध में तहरीर दी। पुलिस ने प्रधानाचार्य समेत दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
कायमगंज के कन्या विद्यापीठ इंटर कॉलेज में फीस की रसीद मांगने पर एक छात्रा के साथ मारपीट और मानसिक उत्पीडऩ किए जाने का गंभीर आरोप सामने आया है। छात्रा के पिता की शिकायत पर पुलिस ने प्रधानाचार्या विश्व मोहिनी पांडेय और शिक्षक सौरभ के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। यह घटना 13 नवंबर की बताई जा रही है।
सत्तार नगर निवासी राजवीर सिंह ने बताया कि उनकी बेटी रोशनी देवी कक्षा 11 (विज्ञान वर्ग) की छात्रा है। 13 नवंबर को रोशनी ने कक्षा अध्यापक सौरभ से प्रवेश के समय जमा किए गए 1200 रुपये की फीस की रसीद मांगी। शिक्षक ने रसीद तो दी, लेकिन उस पर गलत तिथि अंकित थी। जब सहपाठियों ने रसीद के बारे में पूछा, तो छात्रा ने बताया कि यह फीस की रसीद है, तो शिक्षक सौरभ ने इसकी शिकायत प्रधानाचार्या से कर दी। आरोप है कि प्रधानाचार्या ने बिना बात सुने छात्रा को थप्पड़ मारा। धमकी दी कि वे किसी बच्चे को रसीद नहीं देते और उसका नाम स्कूल से कटवाने की बात कही। इसके बाद छात्रा को करीब आधे घंटे तक ऑफिस के सामने मैदान में कान पकडक़र खड़ा रखा गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने डायल 112 और कोतवाली प्रभारी को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा को घर भेजा। छात्रा के पिता राजवीर सिंह का कहना है कि उन्होंने पहले भी स्कूल द्वारा मानक से अधिक फीस वसूले जाने और रसीद न देने की शिकायत उच्च अधिकारियों से की थी। उनका आरोप है कि इसी शिकायत के कारण उनकी बेटी के साथ ऐसा अमानवीय व्यवहार किया गया। परिजन दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि भविष्य में छात्रा के साथ कोई भी अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी प्रधानाचार्या और शिक्षक सौरभ की होगी। पुलिस ने राजवीर सिंह की तहरीर पर मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उप निरीक्षक सोमवीर सिंह को सौंपी गई है। वहीं प्रधानाचार्या विश्व मोहिनी पांडेय ने सभी आरोपों को निराधार बताया है।
फीस की रसीद मांगने पर छात्रा को पीटा, प्रधानाचार्य समेत दो पर मुकदमा दर्ज
