लखनऊ, समृद्धि न्यूज। राजधानी लखनऊ में सीआईडी में तैनात एएसपी मुकेश प्रताप सिंह की पत्नी नितेश सिंह ने बुधवार को आत्महत्या कर ली। शव उनके पुलिस लाइन स्थित आवास पर मिला है। यह घटना आत्महत्या की आशंका जता रही है, जिसने पुलिस महकमे में हडक़ंप मचा दिया है। मौके पर फोरेंसिक टीम भी पहुंची और कमरे से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन, एक डायरी और अन्य निजी वस्तुओं को जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है, हालांकि अभी तक यह पुष्टि नहीं हो पाई है कि कोई सुसाइड नोट मिला है या नहीं। नितेश के भाई फिरोजाबाद के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रमोद कुमार और पिता ने एएसपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। डीसीपी आशीष कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, घटना के वक्त एएसपी अपने दफ्तर में थे। घर पर उनकी 12 साल की बेटी अनन्या और पत्नी नितेश मौजूद थीं। अनन्या शाम चार बजे कमरे से बाहर निकली तो मां को फंदे पर लटका देख उसकी चीख निकल पड़ी। अनन्या ने अपने पिता को घटना की जानकारी दी। वहीं, नितेश के भाई और फिरोजाबाद के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने आरोप लगाया है कि एएसपी की एक महिला से नजदीकियां थीं।
जानकारी के मुताबिक, मुकेश प्रताप सिंह मौजूदा समय में यूपी पुलिस में सीबी-सीआईडी लखनऊ में तैनात हैं और अपने परिवार के साथ पुलिस लाइन में रहते हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे, पुलिस टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, पुलिस ने आत्महत्या के पीछे की वजह जानने के लिए जांच शुरू कर दी है।
एएसपी पत्नी से कहते थे…तू पागल, तेरा बेटा पागल..
एएसपी मुकेश प्रताप सिंह की पत्नी नितेश की आत्महत्या के मामले में मायके पक्ष ने साजिशन जान देने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। नितेश के भाई प्रमोद कुमार के मुताबिक, पति की हरकतों की वजह से बहन तनाव में थी। नितेश का 12 वर्ष का बेटा अनिकेत ऑटिज्म पीडि़त है। पुलिस लाइन पहुंचे प्रमोद का आरोप है कि बेटे की बीमारी को लेकर दंपती में अक्सर विवाद होता था। एएसपी अक्सर नितेश से कहते थे कि तू पागल, तेरा बेटा पागल। मंगलवार को भी एएसपी ने यही बात दोहराई, जिसके बाद दोनों में झगड़ा हुआ था।
