फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। मुख्य विकास अधिकारी ने बुधवार को गौशालाओं का औचक निरीक्षण किया। अव्यवस्थायें मिलने पर सचिव का वेतन रोकने के निर्देश दिये।
जानकारी के अनुसार मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द मिश्रा ने बुधवार को गौवंश आश्रय स्थल नेकपुर खुर्द एवम् बसेली का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय पाया गया कि दोनों गौवंश आश्रय स्थल पर गौवंशों को हरा चारा नहीं खिलाया जा रहा है।साथ ही निरीक्षण के समय सफाई व्यवस्था ठीक नहीं पाई गई। उपस्थित गौपालक को विधिवत साफ -सफाई कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही भविष्य में गंदगी पाए जाने पर कार्यवाही के निर्देश दिए गए। पानी की व्यवस्था ठीक पाई गई। गौवांश आश्रय स्थल बसेली में एक गौवंश बीमार पाया गया तथा भूसा पर्याप्त मात्रा में नहीं पाया गया। जिस पर ग्राम सचिव बसेली का इस माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। भविष्य में निरीक्षण के समय अव्यवस्था पाए जाने पर संबन्धित सचिव के विरुद्ध कार्यवाही की जायेगी। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जो भी शासन की मंशा के अनुरुप कार्य नहीं करेगा, उसके खिलाफ कार्यवाही की जायेगी।
सीडीओ को गौशालाओं में मिली अव्यवस्था, सचिव का रोका वेतन
