त्योहारों को सादगीपूर्ण वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनायें

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में श्रावण मास पर कावड़ यात्रा व आगामी मोहर्रम त्योहार के दृष्टिगत थानाध्यक्ष कादरीगेट विनोद कुमार शुक्ला ने पीस कमेटी की बैठक ली। जिसमें त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। थानाध्यक्ष ने कहा कि त्योहार हमें आपसी भाईचारे का संदेश देते हैं और आपस में मिल जुलकर रहना सिखाते हैं। उन्होंने बैठक में मौजूद संभ्रांत लोगों से अपील की कि वह त्योहारों को पूरी सादगी और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनायें। उन्होंने धर्म गुरुओं से अपील की कि अन्य लोगों को भी सादगीपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्राओं का दौर चल रहा है। कांवड़ लेकर जाने वाले युवा वाहनों पर हड़दंग न करें और शांतिपूर्ण अपनी यात्रा को पूरा करें। वहीं कम्पिल थाने में क्षेत्राधिकारी कायमगंज सोहराब आलम ने श्रावण मास पर कावड़ यात्रा व आगामी मोहर्रम त्योहार के दृष्टिगत संभ्रांत लोगों की बैठक बुलायी। जिसमें उन्होंने सभी से शांति बनाये रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांबड़ यात्राओं में युवा काफी होहल्ला करते हुए जाते हैं। यह सब ठीक नहीं है। वहीं डीजे भी तेज आवाज में बजाते हैं। जो ठीक नहीं है। कांबड़ यात्री शांतिपूर्ण गंगाजल भरकर अपनी यात्रा पूरी करें। इसके अलावा गंगा घाटों पर काफी एतियात बरतें, क्योंकि गंगा का जलस्तर काफी बढ़ गया है। गंगा खतरे के निशान के पास ही बह रही हैं। ऐसे में जरा सी असावधानी भारी पड़ सकती है। इसलिए गंगा घाट पर किनारे गंगा जल भरकर शांतिपूर्ण ढंग से अपनी यात्रा शुरु करें। क्षेत्राधिकारी ने मौजूद सभी लोगों से अपील की कि वह त्योहारों को सौहार्दपूर्ण एवं शांति के वातावरण में मनायें। जिससे त्योहार की सार्थकता सिद्ध हो सके। क्षेत्राधिकारी ने कहा कि त्योहार हमें आपस में मिल जुलकर रहना सिखाते हैं। त्योहारों को त्योहार के हिसाब से मनायें, न कि उपद्रव व हो हल्ला के साथ। पीस कमेटी में सभी धर्मों के लोग व नगर के संभ्रांत लोग मौजूद रहे। इस दौरान कई लोगों ने अपनी-अपनी समस्यायें बतायीं। जिन्हें सीओ ने हल करने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *