
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत जिले की चारों विधानसभाओं के विभिन्न क्षेत्रों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी वाला रथ पहुंचा जहां पर भाजपा जिलाध्यक्ष सहित पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्तागणों ने केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
कायमगंज विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सिलौली, सिकंदरपुर व महमूदपुर सिनौरा में आयोजित कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता, विधायिका डा0 सुरभि एवं विधायक पति अजीत गंगवार ने एकत्रित जनता को संबोधित किया।
जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है विकसित राष्ट्र जिसके लिए केंद्र व राज्य सरकार मिलकर उनके इस संकल्प को चरितार्थ करने का कार्य कर रही है। विकसित भारत संकल्प यात्रा से इस अभियान की शुरुआत हुई है। इस अभियान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी वाली वीडियो वैन प्रत्येक गांव एवं शहरी क्षेत्र में पहुंच रही है, जहां पर उपस्थित लोगों को सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। 26 जनवरी तक इस अभियान का समापन होगा।
विधायिका डॉ0 सुरभि ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता में एक विश्वास पैदा किया है। पिछली सरकारों के कार्य करने की शैली जनता को लाभ पहुंचाने के लिए नहीं होती थी, देश भ्रष्टाचार आतंकवाद और कुशासन से त्रस्त हो गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता के बीच विश्वास पैदा करके सरकारी खजाने का धन जनता को सीधे उनके खाते में पहुंचने का कार्य किया, अब कोई भी बिचौलिया और दलाल सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में बाधा नहीं बनता है। इस अवसर पर मृदुल गंगवार, कृष्ण मुरारी राजपूत आदि मौजूद रहे। सदर विधानसभा क्षेत्र के रेलवे रोड स्थित स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में नगर पश्चिम मंडल अध्यक्ष विकास पांडे, मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी आदि ने उपस्थित जनमानस को संबोधित किया। इस दौरान सरकार की योजनाओं वाली किताब एवं कैलेंडर वितरित किए गए। विकास पांडे ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी से विपक्ष बौखला गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो कहते हैं वही करने में विश्वास रखते हैं। उनकी योजनाओं से जनता को लाभ मिल रहा है, तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव के परिणाम 2024 के लोकसभा चुनाव के परिणाम की तस्वीर स्पष्ट कर रहे हैं। शिवांग रस्तोगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आधुनिक भारत के शिल्पकार हैं। उनके कार्य कुशलता और मेहनत से देश दिनों-दिन तरक्की कर रहा है। इस दौरान नगर उपाध्यक्ष मुकुल अग्निहोत्री आदि मौजूद रहे। अमृतपुर विधानसभा के ग्राम मुरान व नीब करोरी में अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने सरकार की उपलब्धियां वाली जानकारी दी।
