पुलिस ने कराया समझौता, बगैर दुल्हन लिये बाराती बैरंग लौटे
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। शादी समारोह में खाने को लेकर दुल्हन पक्ष और दूल्हा पक्ष आपस में भिड़ गये। इस दौरान जमकर मारपीट व कुर्सियां चलीं। जिससे दोनों तरफ से कई लोग घायल हो गये। बिना विवाह किये बारात बैरंग लौट आयी।
जानकारी के अनुसार जनपद कासगंज के थाना सहाबर के गांव सरोठी निवासी सुनील सिंह के पुत्र शिवम की शादी शमशाबाद नगर पंचायत के मोहल्ला चौहट्टा निवासी तोलाराम के लडक़ी सुधा के साथ तय हुई थी। बीती रात सुनील बारात लेकर आया। बारात थाना चौराहे से बैंड बाजे के साथ गुमटी महादेव मंदिर जाने के लिए चली, तभी रास्ते में बारातियों ने बैंड वालों से झगड़ा शुरू कर दिया। बारात गाजे बाजे के साथ गुमटी महादेव मंदिर में पहुंची।

वहीं पर जयमाला कार्यक्रम और खाना कार्यक्रम होना था। खाने में तंदूर की रोटी को लेकर बाराती और घरातियों में विवाद हो गया। जिसमें दुल्हन के भाई और दूल्हा के भाइयों में मारपीट होने लगी। दोनों तरफ से लगभग एक घंटा तक मारपीट हुई। मारपीट में लगभग 50 कुर्सी टेंट वाले की भी टूट गई। मारपीट में दुल्हन पक्ष से घायलो में दुल्हन के भाई अनिल कुमार, सुशील कुमार, सुधीर कुमार और दुल्हन के पिता तुलाराम भी घायल हो गए। दूल्हे की तरफ से दूल्हे का भाई सौरभ और चचेरे भाई जानू, शोभित और सचिन, आकाश, नितिन गंभीर रूप से घायल हो गए। दूल्हा शिवम के पिता सुनील ने आरोप लगाया की बहनोई रविंद्र के बैग में रखे 2 लाख रूपये और सोने की जंजीर आरोपियों ने छीन ली। रात में सूचना थाना पुलिस को दी। पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और दोनों पक्ष को थाने लाई और दूल्हा बिना बताए कहीं चला गया। दूल्हे के पिता ने बताया दूल्हा अभी तक घर नहीं पहुंचा। पूर्व चेयर मैन विजय गुप्ता सुबह दुल्हन की पिता की सूचना पर थाने पहुंचे। थानाध्यक्ष ने बताया दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। एक दूसरे के पैसे और जेवरात वापस कर दिए गए हैं। रुपए और चेन छीनने का आरोप निराधार है।
