समृद्धि न्यूज। बिहार पुलिस और अपराधियों ने बीच मुठभेड़ हुई है। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इसमें दो अपराधियों को गोली लगी है। इनमें एक भोजपुर और दूसरा बक्सर का रहने वाला है। मुठभेड़ आरा के बिहिया-कटेया पथ पर सोमवार सुबह करीब छह बजे नदी के पास हुई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी इलाके में मौजूद है। इसके बाद एसटीएफ ने कार्रवाई की योजना बनाई और मौके पर पहुंची, पुलिस की घेराबंदी को देख अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एसटीएफ ने भी गोलियां चलाईं। इस दौरान दो अपराधी गोली लगने से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, पुलिस की गोली में बक्सर के लीलाधरपुर परसियानिवासी बलवंत कुमार सिंह को हाथ-पैर और भोजपुर के बिहिया के चकरही गांव निवासी रवि रंजन कुमार सिंह को जांघ में गोली लगी है। पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती करवाया है। दोनों का इलाज चल रहा है। अस्पताल के अंदर और बाहर कड़ी सुरक्षा है। पुलिस टीम को इनके पास से दो पिस्टल, एक कट्टा, मैगजीन भी बरामद हुए हैं। पुलिसिया पूछताछ में दोनों अपराधियों ने चंदन मिश्रा हत्याकांड में शामिल होने की बात भी स्वीकार की।
