लखनऊ, समृद्धि न्यूज। यूपी में उच्च प्राथमिक विद्यालयों का विलय अब तीन किमी के अंदर होगा। अभी तक एक किमी के अंदर के स्कूलों का विलय किया जा रहा था। इसके लिए निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार ने जारी पत्र में कहा कि 16 जून 2025 के निर्देशानुसार, जिन विद्यालयों में छात्र नामांकन कम हैं उन्हें नजदीकी स्कूलों के साथ जोड़ा जाए। इस प्रक्रिया में स्थानीय परिस्थितियों और आवश्यकताओं को ध्यान में रखना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि छोटे एवं कम संसाधनों वाले विद्यालयों को बड़े विद्यालयों के साथ जोड़ा जाए। जिन विद्यालयों में छात्र नामांकन 50 से कम है। उनकी पेयरिंग की जाए। इसके साथ ही प्राथमिक विद्यालयों की पेयरिंग एक किमी के अंदर तथा परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों की पेयरिंग तीन किमी के अंदर की जाए। इस संदर्भ में महानिदेशक, स्कूल शिक्षा कंचन वर्मा ने सभी जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी करते हुए कहा है कि शासन के निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
