नौकरी दिलाने के नाम पर 30 हजार की ठगी

अमृतपुर , समृद्धि न्यूज। थाना अमृतपुर क्षेत्र से नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित युवकों ने आरोपी के खिलाफ थाने में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार थाना अमृतपुर क्षेत्र निवासी विवेक प्रजापति, धीरज कुमार प्रजापति एवं शिवा प्रजापति ने आरोप लगाया है कि अमृतपुर निवासी एक युवक ने उनसे नौकरी लगवाने के नाम पर प्रति व्यक्ति 10 हजार रुपये लिए। इस प्रकार कुल 30 हजार रुपये की रकम ऐंठ ली गई। पीड़ितों का आरोप है कि आरोपी उन्हें नौकरी के नाम पर कानपुर बुलाकर नौबस्ता क्षेत्र स्थित मुन्ना चौराहा के पास कई दिनों तक रोके रखा और बार-बार आश्वासन देता रहा कि “आज-कल में नौकरी लग जाएगी।” जब काफी समय बीत जाने के बाद भी नौकरी नहीं लगी तो युवकों को ठगी का एहसास हुआ।
बताया गया कि किसी तरह वे वहां से वापस लौटे और अपने रुपये वापस मांगे, तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।  पीड़ितों ने थाना अमृतपुर में प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *