समृद्धि न्यूज। छत्तीसगढ़ के सुकमा में 14 नक्सली मारे गए हैं। एसपी सुकमा किरण चव्हाण ने बताया कि जिले के किस्ताराम इलाके के जंगल में डीआरजी और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में 14 नक्सली मारे गए। इनके पास से ऑटोमैटिक हथियार भी बरामद किए गए। जानकारी के अनुसार, बीजापुर और सुकमा जिलों के दक्षिणी इलाकों में सशस्त्र नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। अभियान के तहत दक्षिण बस्तर क्षेत्र में डीआरजी की विशेष टीमों को रवाना किया गया था। ऑपरेशन के दौरान बीजापुर जिले में सुबह लगभग 5 बजे से डीआरजी और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर मुठभेड़ जारी रही। वहीं, सुकमा जिले में भी सुबह लगभग 8 बजे सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग की स्थिति बनी हुई है।
