नवदिया फतेहगढ़ में लगभग 500 करोड़ की लागत से बनेगा आडिटोरियम
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जनपद में राजकीय आडिटोरियम बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने स्वीकृति प्रदान की है। फतेहगढ़ के क्षेत्र नवदिया में नॉन जेड ए के अन्तर्गत बंजर के रुप में भूमि अंकित है। भूमि में लगभग ३५०० वर्ग फिट क्षेत्रफल है, जो राजकीय संपत्ति है। जिसका प्रबंधन म्युनिस्पिल बोर्ड फर्रुखाबाद के नाम से है। भूमि आडिटोरियम निर्माण के लिए पर्याप्त है। अंडरग्राउंड पार्किंग स्थल निर्मित कर पार्किंग का समाधान निकाला जा सकता है। भूमि पर यातायात का रास्ता भी उपलब्ध है। मुख्यालय पर भूमि आडिटोरियम की डिजाइन आर्किटेक्चर तैयार किया जा सकता है। पर्यटन एवं सांस्कृतिक विभाग का कार्यालय तथा ओडीओपी के अन्तर्गत उत्पादों तथा टैक्सटाइल, ब्लाक प्रिंटिंग, जरी, जरदोजी के भी स्टाल लगाये जा सकते है। सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने बताया कि फतेहगढ़ क्षेत्र नवदिया में राज्य सम्पत्ति की भूमि दर्ज है। जो राजकीय निर्माण कराये जाने से जनपद के लोग लाभांवित होंगे।
इस संबंध में उत्तर प्रदेश शासन ने भी विधायक के पत्र को स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री के लिए प्रेषित किया था। जिसकी आख्या रिपोर्ट के बाद मंजूरी मिली है। मेजर की मेहनत रंग लायी और जनपद में लगभग 500 करोड़ की लागत से भव्य आडिटोरियम बनने की स्वीकृति मिलते ही तैयारियां तेज हो गयी है। पूर्व में भी सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने मुख्यमंत्री से मिलकर आडिटोरियम की मांग की थी। सांस्कृतिक निदेशालय के सचिव उमा द्विवेदी ने भी आडिटोरियम के संबंध में सीएनडीएस को कार्यवाही हेतु नामित किया था। मुख्यमंत्री द्वारा इस प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद कार्यदायी संस्था नामित हो चुकी है। सर्वे पूर्व में हो चुका है। आर्किटेक्ट द्वारा नक्शा तैयार किया जा रहा है। आवंटित भूमि का आलांकन व सीमांकन और भौतिक निरीक्षण के लिए विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने डीएम के साथ जगह का निरीक्षण किया और कार्यदायी संस्था के अधिकारियों के साथ ऑडिटोरियम की जगह का निरीक्षण किया।
राजकीय आडिटोरियम के लिए मुख्यमंत्री ने दी स्वीकृति
