थाना राजेपुर/अमृतपुर में मिशन शक्ति केंद्रों का हुआ उद्घाटन
अमृतपुर/राजेपुर/नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। मुख्यमंत्री ने लोक भवन सभागार लखनऊ में नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए समर्पित मिशन शक्ति 5 का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी थानों में नव स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों का उद्घाटन करते हुए मिशन शक्ति केंद्रों से संबंधित एसओपी की पुस्तिकाओं का विमोचन एवं विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनपद फतेहगढ़ के समस्त थानों पर इस कार्यक्रकम का लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से प्रसारण किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, स्कूल कॉलेजों की छात्राएं, शिक्षकगण तथा पुलिस अधिकारी/कर्मचारी सम्मिलित हुए। लाइव प्रसारण के माध्यम से लोगों को मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों, महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनी प्रावधानों, हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090, 181, 112 आदि तथा महिला हेल्प डेस्क की सुविधाओं के बारे में जागरूक किया गया। वहीं थाना अमृतपुर में महिला हेल्प डेस्क को मिशन शक्ति केंद्र के रूप में सजाया गया है। महिला हेल्प डेस्क पर विभिन्न आपातकालीन सेवाओं की जानकारी प्रदर्शित की गई है। इनमें मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, महिला हेल्पलाइन और एम्बुलेंस सेवा के नंबर शामिल हैं। थाना अध्यक्ष मोनू शाक्या ने महिला हेल्प डेस्क पर बैठकर महिलाओं की समस्याएं सुनीं। उन्होंने शिकायतों के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए निर्देश दिए। मिशन शक्ति के इस चरण में स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। महिलाओं को उनकी सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और अन्य महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी जाएगी।
राजेपुर थाने में मिशन शक्ति 5 केंद्र की शुरुआत हुई। थाने में महिलाओं की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष डेस्क स्थापित किया गया है। कार्यक्रम में थाना अध्यक्ष सुदेश कुमार मौजूद रहे। दरोगा आशुतोष, दरोगा अमित कुमार और महिला कांस्टेबिल पूजा सहित अन्य पुलिसकर्मी भी उपस्थित थे। महिला डेस्क को गुब्बारों और फूलों से सजाया गया। सभी पुलिसकर्मियों ने मुख्यमंत्री का ऑनलाइन संबोधन सुना। महिला पुलिसकर्मियों ने थाने में आई महिलाओं को मिशन शक्ति के बारे में जानकारी दी। मिशन शक्ति 5 का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा और उनके सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। यह केंद्र महिलाओं की समस्याओं के समाधान में मदद करेगा।
वहीं नवाबगंज थाने के सभागार में शनिवार को थाना प्रभारी निरीक्षक अवध नारायण पांडे ने सभागार को दुल्हन की तरह सजाया और मिशन शक्ति के तहत नारी सुरक्षा अभियान के लिए मुख्यमंत्री का वर्चुअल संवाद सुना। जिसमें प्रदेश के पुलिस के मुखिया राजीव कृष्ण ने पुलिस बल को महिला सशक्तिकरण के तहत आवश्यक दशा निर्देश दिए। वहीं मुख्यमंत्री के द्वारा महिला कल्याण मंत्री तथा अन्य मंत्रियों के साथ 16000 से अधिक थानों में मिशन शक्ति केंद्रों का बटन दबाकर वर्चुअल उद्घाटन किया। जिसमें महिला महिला सशक्तिकरण, ई-सखी, महिला हेल्प लाइन तथा अन्य योजनाओं के बारे में मुख्यमंत्री तथा महिला कल्याण मंत्री ने आवश्यक सुझाव दिए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के द्वारा पुस्तिका का भी विमोचन किया गया। वहीं थाना प्रभारी निरीक्षक अवध नारायण पांडे ने बताया कि महिला हेल्प डेस्क तो शासन के निर्देश पर चल ही रहा है, लेकिन उसके बाद भी महिलाओं के प्रकरण को गंभीरता से वरीयता दी जाएगी। किसी भी महिला को बेबस नहीं वापस लौटाया जाएगा। इसके लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह तैयार है। ऐसे ही कई वक्तव्य प्रदेश के पुलिस मुखिया ने प्रदेश की पुलिस को दिए। जिसको सभी थाना पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक के साथ वर्चुअल संवाद में सुना। इस मौके पर थाना प्रभारी निरीक्षक अवध नारायण पांडे, कस्बा इंचार्ज दरोगा गीतम सिंह, दरोगा हेमंत कुमार, दरोगा गिरीश चंद्र, दरोगा जगराम सिंह, दरोगा कमलेश कुमार, महिला हेल्प डेस्क की प्रभारी महिला कांस्टेबिल शालिनी तथा समस्त पुलिस बल मौजूद रहा।
मुख्यमंत्री ने मिशन शक्ति फेज 5 का किया वर्चुअल शुभारंभ
