
भाई को रेलवे स्टेशन छोडऩे जाते समय घटी घटना नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। अज्ञात वाहन की टक्कर से क्लीनिक संचालक की मौत हो गई। जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक के चचेरे भाई ने पुलिस को तहरीर दी। जानकारी के अनुसार थाना कम्पिल के धौपुरा निवासी सचिन कुमार पुत्र रामेश्वर दयाल का क्लीनिक नवाबगंज स्थित बबना रोड पर क्लीनिक पर है। सोमवार को वह अपने भाई राहुल कुमार को नवाबगंज से शमशाबाद रेलवे स्टेशन सुबह ५ बजे वाली टे्रन के लिए छोडऩे जा रहा था। मंजना रोड गढिय़ा बबुरारा जाने वाले मार्ग के पास बने प्रतीक्षालय के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे दोनों भाई घायल हो गये। सूचना पर परिजन पहुंच गये और १०८ एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए ले जाते समय सचिन की मौत हो गई। परिजनों ने घायल राहुल को अस्पताल में भर्ती कराया तथा सचिन के शव को लेकर घर चले गये। शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा, हल्का प्रमोद कुमार ने पहुंचकर जांच पड़ताल की। मृतक के चचेरे भाई पंकज कुमार ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी।
