मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे. शादी समारोह में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि.) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित कई बड़े नेता मौजूद रहे. शुक्रवार को राज्यपाल और मुख्यमंत्री धामी दोपहर करीब 12:45 बजे हेलीकॉप्टर से कांडी गांव पहुंचे, जहां से वे सड़क मार्ग से तीन किलोमीटर दूर पंचूर गांव पहुंचे. उन्होंने योगी आदित्यनाथ की भतीजी के विवाह समारोह में भाग लिया और वर-वधू को आशीर्वाद दिया. इस दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री के साथ भाजपा सांसद अनिल बलूनी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, विधायक रेनू बिष्ट, जिलाध्यक्ष वीरेंद्र रावत, डीएम पौड़ी डॉ. आशीष चौहान और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे. शादी समारोह के बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री धामी ने कांडी गांव में स्वर्गीय चंद्रमोहन नेगी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. शनिवार को योगी आदित्यनाथ पंचूर गांव में नवनिर्मित बारात घर का उद्घाटन करेंगे. इसके अलावा, वे अपने पुराने स्कूलों का निरीक्षण भी करेंगे. इसमें राजकीय प्राथमिक विद्यालय ठांगर, जूनियर हाई स्कूल ठांगर, राजकीय प्राथमिक विद्यालय बिथ्याणी और राजकीय जूनियर हाई स्कूल कांडी शामिल हैं.
अपने स्कूल में पहुंचेंगे योगी आदित्यनाथ
प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य सत्येंद्र शाह ने ‘पीटीआई-वीडियो’ सेवा को बताया कि योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर स्कूल को अच्छी तरह से सजाया गया है और स्कूल के छात्र-छात्राएं भी अपने पूर्व छात्र के स्वागत के लिए उत्साहित हैं। विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षिका रजनी बहुगुणा ने बताया कि स्कूल के पुराने दस्तावेजों में योगी आदित्यनाथ का नाम अजय मोहन बिष्ट के रूप में दर्ज है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1972 में योगी आदित्यनाथ का यहां दाखिला हुआ था। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बृहस्पतिवार को पंचुर पहुंचे थे और उन्होंने महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय विथ्याणी में ब्रम्हलीन संत महंत अवैद्यनाथ की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए थे। उसके बाद उन्होंने अपने पिता दिवंगत आनंद सिंह बिष्ट की स्मृति में बने पार्क में 100 फुट उंचे तिरंगे व दो दिवसीय किसान मेले का उद्घाटन किया था। आदित्यनाथ ने सिद्धपीठ महादेव मंदिर में दर्शन कर पूजा की और उन्होंने महाविद्यालय की गौरक्ष पत्रिका का विमोचन भी किया था। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी शनिवार को ही लखनऊ लौटेंगे।
