सीएमओ ने दिए निर्देश, होली पर डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। होली के त्योहार के मद्देनजर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 अवनींद्र कुमार ने सभी डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। यह निर्णय बुधवार को मनाए जाने वाले होली पर्व के लिए लिया गया है, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रूप से चलती रहें।
सीएमओ ने बताया कि त्योहारों के दौरान दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ जाती है। इसके अलावाए होली के रंगों के कारण आंखों और त्वचा संबंधी समस्याएं भी सामने आती हैं। इन स्थितियों से निपटने और मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। उन्होंने बताया कि सभी अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में दवाइयां उपलब्ध हैं। विशेष रूप से आंखों के ड्रॉप और एंटी एलर्जिक दवाइयों का भी पूरा इंतजाम किया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि अस्पताल पहुंचने वाले किसी भी मरीज को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा और उन्हें अस्पताल से ही आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सीएमओ ने यह भी बताया कि वे स्वयं व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सभी इंतजाम पुख्ता हैं और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा मिल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *